छत्तीसगढ़ में 24 जून 2022 की स्थिति में 4 करोड़ 12 लाख 90 हजार 715 को वैक्सीन के दाेनों डोज लग चुके हैं। चिंताजनक स्थिति प्रिकॉशन डोज की है। प्रदेश में 18 से 59 साल वाले 1 करोड़ 70 लाख 64 हजार 650 लोगों को प्रिकॉशन डोज लगाए जाने का लक्ष्य है, जिसमें अब तक महज 17 हजार 692 लोगों को ही वैक्सीन लगा है।
यानी महज 0.1% ही प्रिकॉशन डोज लगा है। वैक्सीनेशन के सिर्फ एक कैटेगरी को छोड़कर सभी में स्वास्थ्य विभाग पिछड़ा हुआ है। 18 साल से अधिक उम्र के ऐसे लोगों को पहला डोज लगना ही स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धि है। बाकी सभी में विभाग पिछड़ा हुआ है।
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो 2 करोड़ 19 लाख 49 हजार 24 को पहला और 1 करोड़ 86 लाख 76 हजार 183 को दूसरा डोज लगा है। 6 लाख 65 हजार 508 ने ही अब तक प्रिकॉशन डोज लगवाए हैं।
दरअसल 18 से 59 साल के लोगों को प्रिकॉशन डोज सरकार की ओर से फ्री में नहीं लग रहा है। इस कारण समय होने के बाद भी अधिकांश लोगों ने प्रिकॉशन डोज नहीं लगवाया है। 18 से 59 साल के लोगों को प्रिकॉशन डोज अपोलो में लग रहा है।
ऐसे में गरीब वर्ग के लोग प्रिकॉशन डोज नहीं लगवाए हैं। यही कारण है कि चाहकर भी गरीब वर्ग के लोग प्रिकॉशन डोज नहीं लगवा पा रहे हैं।