कोरिया में उम्मीदों के भूपेश:कटकोना में मल्टी एक्टिविटी सेंटर का लोकार्पण

कोरिया में उम्मीदों के भूपेश:कटकोना में मल्टी एक्टिविटी सेंटर का लोकार्पण

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कोरिया जिले के दौरे के दूसरे दिन मनेंद्रगढ़ विधानसभा में पहुंचे हैं। इसकी शुरुआत कटकोना गांव से हुई। मुख्यमंत्री ने यहां द कटकोना मल्टी एक्टिविटी सेंटर का लोकार्पण किया। यहां आलू से चिप्स बनाने की इकाई, बेकरी उत्पादन समूह और एलईडी बल्ब बनाने वाले स्व-सहायता समूहों से चर्चा भी की। गांव में लगी चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने चिरमिरी में इनडोर स्टेडियम और पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की भी घोषणा की है।

मुख्यमंत्री के कटकोना पहुंचने पर बरसात शुरू हो गई। बारिश के बाद भी भेंट मुलाकात में लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखी। धवलपुर के बजरंग साहू ने बताया कि उन्हें 2 एकड़ का वनाधिकार पट्टा मिला है। उन्होंने उसको समतल कर धान बोया था। उसे बेचकर एक लाख रुपए मिले हैं। मुख्यमंत्री ने यहां राजीव गांधी किसान न्याय योजना के लाभार्थियों से भी बातचीत की।स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वहां आए लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा, कटकोना मुख्य मार्ग से पहाड़पारा तथा पहाड़पारा से करीछापर तक पक्की सड़क का निर्माण किया जाएगा। कटकोना धान उपार्जन केंद्र में नये खाद गोदाम का निर्माण किया जाएगा। खड़गवां में नया स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोला जाएगा। छोटे कलुआ में बिजली सब स्टेशन की स्थापना की जाएगी। कौड़ीमार से पैनारी मार्ग पर पुल का निर्माण किया जाएगा। चिरमिरी में शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज खुलेगा। फुनगा से बेलबहरा मार्ग में पुल का निर्माण किया जाएगा। चिरमिरी में नए इनडोर स्टेडियम का निर्माण कराने की भी घोषणा हुई।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरिया के जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में अफसरों को गवर्नेंस का पाठ पढ़ाया। सर्किट हाउस में हुई समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने एक-एक विभाग के कामकाज पर बात की। उन्होंने अफसरों से कहा कि वे विभागीय दौरे के समय आम लोगों से संवाद बनाएं। वहीं उन्होंने ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, राशन कार्ड के प्रकार और पात्रता बताने के लिए जागरुकता अभियान चलाया जाए। राशन कार्ड में परिवार के सभी सदस्यों के नाम होना सुनिश्चित करें। परिवार का कोई भी सदस्य छूटे नहीं। बहरासी गांव में एक महिला ने राशन कार्ड में नाम दर्ज न होने शिकायत की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *