मई के मुकाबले जून में तीन गुना केस बढ़े:बीते महीने तीन लाख संक्रमित मिले

मई के मुकाबले जून में तीन गुना केस बढ़े:बीते महीने तीन लाख संक्रमित मिले

देश में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण के लिहाज से जून का महीना काफी चिंताजनक रहा। जून के आखिरी हफ्ते में देश में एक लाख से ज्यादा (1.04 लाख) नए मामले दर्ज किए गए। जबकि, महीने के शुरुआती हफ्ते में सिर्फ 29,450 केस आए थे। दूसरे हफ्ते 55,239 और तीसरे हफ्ते में 86,128 नए मामले आए। पहले हफ्ते की तुलना में जून के आखिरी हफ्ते में नए केस में करीब 77 हजार का फासला है।

कुल मिलाकर इस महीने तीन लाख से ज्यादा (3,08,073) संक्रमित मिले। वहीं, पिछले महीने के मुकाबले इस महीने तीन गुना केस बढ़ गए। मई में कुल नए केस 81,644 आए थे। इस लिहाज से संक्रमण की रफ्तार चिंता बढ़ाने वाली दिख रही है।

पिछले 24 घंटे में देश में 17,130 नए मामले आए, 23 संक्रमितों की मौत हो गई। जबकि, 14,413 मरीज ठीक हुए। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को कोरोना के नए केस में 10% की कमी आई। बुधवार को 18,819 नए संक्रमित मिले थे, जबकि 39 संक्रमितों की मौत हो गई थी। नए केस आने के बाद देश में पॉजिटिविटी रेट 3.41% पर पहुंच गया।देश में एक्टिव केस 1 लाख के पार हो गए हैं। फिलहाल 1.05 लाख कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है। बुधवार को यह आंकड़ा 1.02 लाख से ज्यादा था। इससे पहले आखिरी बार 27 फरवरी को एक्टिव केस की संख्या 1 लाख से ज्यादा थी। तब 1,02,601 मरीजों का इलाज चल रहा था। इसके बाद लगातार मामलों में गिरावट के चलते एक्टिव केस कम होते गए। सबसे कम एक्टिव केस 12 अप्रैल को 10,870 थे।

देश में सबसे ज्यादा मामले केरल और महाराष्ट्र से सामने आ रहे है। दोनों ही राज्यों में रोजाना केस तीन हजार से ऊपर आ रहे हैं। केरल की बात करें तो गुरुवार को यहां 4083 नए मामले रिकॉर्ड किए गए, 3424 मरीज ठीक हो गए। जबकि 15 संक्रमितों की मौत हो गई। एक दिन पहले भी यहां 4,459 संक्रमित मिले थे, जो इस साल सबसे ज्यादा है।

इससे पहले केरल में 22 जून को 4224 नए केस मिले थे। हालांकि, पिछले दिन के मुकाबले गुरुवार को नए केस में 8% की कमी आई। एक दिन पहले यहां पॉजिटिविटी रेट 17.62% था, जो बढ़कर 18.01% हो गया।

इधर, केरल के बाद सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से आ रहे। राज्य में एक बार फिर स्थिति चिंताजनक हो गई है। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 3640 नए केस आए, 4432 मरीज ठीक हुए, जबकि 3 संक्रमितों की मौत हो गई। बुधवार के मुकाबले गुरुवार 8 फीसदी की कमी आई। बुधवार को यहां 3957 नए केस मिले थे।

राज्य में पॉजिटिविटी रेट 8.59% बनी हुई है। एक दिन पहले यह 8.71 थी। महाराष्ट्र में अब तक 1 लाख 47 हजार से ज्यादा संक्रमितों की मौत हो चुकी है और 25,735 मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *