छत्तीसगढ़ में फिर पैर पसार रहा कोरोना:24 घंटे में 91 नए मरीज मिले, एक्टिव केस 1021 हुए

छत्तीसगढ़ में फिर पैर पसार रहा कोरोना:24 घंटे में 91 नए मरीज मिले, एक्टिव केस 1021 हुए

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने एक बार फिर कोरोना संक्रमण को मात दी है। उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। उसके बाद सिंहदेव अंबिकापुर चले गए हैं। इस बीच प्रदेश भर में 91 नए लोगों में कोरोना संक्रमण का पता चला है। इसी के साथ प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या एक हजार 21 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया, उनका स्वास्थ्य अब ठीक है। उन्होंने दोबारा कोरोना की जांच कराई थी। उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य मंत्री 25 जून को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उन्होंने दिल्ली से लौटकर जांच कराई थी। संक्रमण की पुष्टि के बाद से ही सिंहदेव रायपुर स्थित बंगले में आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे थे। सिंहदेव अब से पहले भी तीन बार कोरोना को मात दे चुके हैं।

इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश भर में 91 नए मरीजों के मिलने की पुष्टि की है। इसमें सबसे अधिक 26 मामले रायपुर में मिले हैं। बिलासपुर में 12 और दुर्ग में 9 मरीज मिले हैं। बताया गया कि रविवार को केवल 4412 संदिग्ध नमूनों की जांच की गई। यह सामान्य दिनों की अपेक्षा आधे से भी कम है। इस मान से रविवार को कोरोना संक्रमण दर 2.06% तक पहुंच गई। शनिवार को संक्रमण दर 1.39% ही थी। उस दिन 11 585 नमूनों की जांच के बाद 161 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *