रायपुर पुलिस के CSP उदयन बेहार का कॉलर खींचा गया, उनके साथ झूमाझटकी भी हुई। यूपी पुलिस के अफसरों ने उदयन बेहार को धक्का देकर पीछे कर दिया और अपने साथ न्यूज चैनल के एंकर रोहित रंजन को लेकर निकल गए। ये सब मंगलवार की सुबह गाजियाबाद में हुआ।
दैनिक भास्कर को इस मामले में जानकारी देते हुए रायपुर के एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि गाजियाबाद, रायपुर की पुलिस गई हुई थी। रोहित रंजन के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट भी था। स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई में बाधा पैदा कि। अब हम एक्सपर्ट से लीगल पहलुओं पर चर्चा कर रहे हैं । इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।दरअसल एक फेक न्यूज़ के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस न्यूज एंकर रोहित रंजन को गिरफ्तार करने गाजियाबाद पहुंची थी। मगर वहां यूपी की पुलिस ने छत्तीसगढ़ की पुलिस को ऐसा करने नहीं दिया। एंटी क्राइम यूनिट के जवानों के साथ भी यूपी पुलिस के जवानों ने धक्का-मुक्की करते हुए उन्हें हटाया। रायपुर से गए 15 पुलिसकर्मियों की टीम को गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने और नोएडा की पुलिस फोर्स ने घेर लिया और रोहित रंजन के खिलाफ कार्रवाई करने नहीं दी। अब खबर है कि नोएडा की पुलिस ने रोहित को अपनी कस्टडी में रखा है।
रायपुर के CSP उदयन के साथ एंटी क्राइम यूनिट के जवान और कुछ डीएसपी रैंक के अफसर गाजियाबाद पहुंच गए। मंगलवार की सुबह 5:15 बजे के आसपास इंदिरापुरम इलाके में स्थित न्यूज़ एंकर के फ्लैट में यह टीम पहुंची। रायपुर पुलिस की टीम ने फ्लैट के सिक्योरिटी गार्ड का मोबाइल फोन ले लिया। इसके बाद पुलिस की टीम रोहित रंजन के फ्लैट में दाखिल हुई। यहां रोहित रंजन के बड़े भाई मिले, रोहित रंजन के बारे में पूछा गया, रोहित रंजन भी घर में ही थे। रायपुर पुलिस की टीम ने जानकारी दिया कि उनके पास रोहित रंजन की गिरफ्तारी का कोर्ट वारंट है।रोहित रंजन गिरफ्तारी में सहयोग नहीं कर रहे थे। उन्होंने फौरन यूपी पुलिस को टैग करते हुए एक ट्वीट कर दिया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि बिना किसी जानकारी के जबरन उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। कुछ ही देर में रेसीडेंशियल कॉलोनी में हल्ला हो गया कि 15-20 गुंडे रोहित रंजन पर हमला करने पहुंचे हैं। किसी ने डायल 100 पर पुलिस को खबर दे दी, इतने में इंदिरापुरम इलाके के थाने की पुलिस रोहित रंजन के घर पहुंच गई।