देश में रोजाना कोरोना के नए मामलों में मामूली कमी जारी है। सोमवार को 10,715 नए केस दर्ज किए गए। पिछले दिन की तुलना में 5,533 केस कम मिले। कोरोना से मरने वालों की संख्या 24 घंटों में 25 से घटकर 17 हो गई है।
देश में इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 1,30,456 हो गई है, रविवार को इसका आंकड़ा 1,29,141 था। ठीक होने वालों की संख्या 9,518 दर्ज की गई है।देशभर में सबसे ज्यादा मामले और मौतें तमिलनाडु में हुई हैं। पिछले 24 घंटे में यहां 2,448 केस दर्ज किए गए हैं। गनीमत रही कि कोरोना से किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई। राज्य में एक्टिव केस 18,802 हैं। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 2,465 है और पॉजिटिविटी रेट 8.07% दर्ज किया गया है। रविवार को तमिलनाडु में 2,537 मामले आए थे और एक्टिव केस 18,819 थे।
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1915 मामले सामने आए हैं और 3 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कुल कोरोना संक्रमण के मामले 20.53 लाख से ज्यादा हो गए हैं। कोरोना से रिकवर होकर घर जाने वाले मरीजों की संख्या 967 पाई गई। फिलहाल राज्य में एक्टिव केस 24,209 हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 21.29% दर्ज किया गया है। मरने वालों का आंकड़ा 21,246 हो गया है।पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 1,189 नए केस दर्ज किए गए हैं, जबकि एक दिन पहले यहां 2,591 नए केस दर्ज किए गए थे। राज्य में इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 18,027 और पॉजिटिविटी रेट 4.96% दर्ज किया गया। सोमवार को कोरोना से 2 लोगों की जान गई। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1,529 है।