इस साल 10 हजार शिक्षकों की भर्ती होगी:मुख्यमंत्री ने विधानसभा में की घोषणा

इस साल 10 हजार शिक्षकों की भर्ती होगी:मुख्यमंत्री ने विधानसभा में की घोषणा

छत्तीसगढ़ सरकार इस साल 10 हजार नए शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा में इसकी घोषणा की। वे अनुपूरक बजट पर विपक्ष की चर्चा का जवाब दे रहे थे। एक लंबी चर्चा के बाद विधानसभा ने 2 हजार 904 करोड़ 41 लाख 70 हजार 571 रुपए के अनुपूरक बजट को ध्वनिमत से पारित कर दिया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, वर्ष 1998 के बाद राज्य सरकार ने पहली बार 14 हजार शिक्षकों की भर्ती की है।दस्तावेजों के परीक्षण के बाद उन्हें नियुक्ति दी जा रही है। अब प्रदेश में 10 हजार नए शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, हरेली पर्व से गौमूत्र की खरीदी भी शुरू करने जा रहे है। इससे राज्य में जैविक खेती को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, पशुओं के उपचार के लिए 163 मोबाइल वेटनरी यूनिट शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए अनुपूरक में 10 लाख रुपए की व्यवस्था की गई है। गोठानों में विकसित किए जा रहे महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क में लगने वाली यूनिटों को बिना बिजली की खपत की सीमा के कुल बिजली बिल में हाफ बिजली बिल योजना का लाभ दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने बताया, हाट-बाजार क्लिनिक योजना की मोबाइल यूनिटों के लिए 300 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती होनी है। वहीं कोरबा, कांकेर, महासमुंद के नए मेडिकल कॉलेजों के भवन निर्माण, उपकरणों की व्यवस्था और बिलासपुर के कैंसर संस्थान के लिए 250 करोड़ रूपए की व्यवस्था इस अनुपूरक बजट में की गई है।मुख्यमंत्री ने सार्वभौम सार्वजनिक वितरण प्रणाली के पीडीएस केन्द्र संचालकों को डीलर मार्जिन राशि देने के लिए 266 करोड़ रुपए की व्यवस्था करने की बात बताई। उन्होंने चना वितरण के लिए 100 करोड़ रुपए, 120 देवगुड़ी एवं 94 घोटुल के लिए 25 करोड़ 50 लाख रुपए और राजिम माघी पुन्नी मेला स्थल विकास के लिए 1 करोड़ 85 लाख रुपए के बजट प्रावधान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया, गिरौदपुरी और भण्डारपुरी के विकास के लिए एक करोड़, रामायण मंडली के कलाकारों के संरक्षण एवं संवर्धन एवं कला दलों के सतत् विकास हेतु रामायण मंडली प्रोत्साहन योजना के लिए 10 करोड़ रुपए और दामाखेड़ा के विकास के लिए 9 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *