पंजाब में कोरोना जानलेवा हो चुका है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान 4 कोरोना मरीजों ने दम तोड़ दिया। जालंधर में 2, फरीदकोट और पटियाला में 1-1 मरीज ने दम तोड़ दिया। 74 मरीज लाइफ सेविंग सपोर्ट पर रखे गए हैं। जिनमें 65 को ऑक्सीजन और 9 को ICU में रखा गया है। राज्य में पिछले 2 दिन से चौबीस घंटे में 400 से ज्यादा केस मिल रहे हैं। पिछले चौबीस घंटे के दौरान 419 केस मिले। पॉजीटिविटी रेट 3.51 % रहा। जिसके बाद एक्टिव केस बढ़कर 2,596 पहुंच चुके हैं।
कोरोना के लिहाज से मोहाली में बदतर हालात हो चुके हैं। सबसे ज्यादा मरीज यहीं मिल रहे हैं। पिछले चौबीस घंटे में यहां 57 केस मिले। जिसके बाद एक्टिव केस बढ़कर 630 हो चुके हैं। जालंधर में 351 और लुधियाना में 313 एक्टिव केस हैं। इनके अलावा पटियाला में 256, बठिंडा में 235 और अमृतसर में 137 एक्टिव केस हो चुके हैं।पंजाब में एक अप्रैल से अब तक 61 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इस दौरान 10 हजार 82 पॉजीटिव केस मिले। जिनमें से 7,416 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना का यह ब्यौरा पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद का है। ऐसे हालात के बावजूद राज्य में कोरोना को लेकर कोई बंदिश नहीं लगाई गई है।