सोनिया गांधी से पूछताछ का विरोध:रायपुर में “डॉ. आम्बेडकर” की प्रतिमा के पास कांग्रेसियों ने दिया धरना

सोनिया गांधी से पूछताछ का विरोध:रायपुर में “डॉ. आम्बेडकर” की प्रतिमा के पास कांग्रेसियों ने दिया धरना

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय(ED) की पूछताछ का विरोध लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। कांग्रेस नेताओं ने बुधवार को रायपुर कलेक्ट्रेट के नजदीक डॉ. भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा के पास धरना दिया। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के लोग महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास सत्याग्रह पर बैठे थे।

रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश दुबे और रायपुर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ता दोपहर में डॉ. आम्बेडकर प्रतिमा के पास इकट्‌ठा हुए। डॉ. आम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने हाथ में तख्तियां ले रखी थीं, उसपर ED सरकार की पिट्‌ठू है। केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग बंद करो और सत्यमेव जयते आदि लिखा हुआ था।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कुछ ऐसी ही नारेबाजी की। शहर कांग्रेस के अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा, केंद्र की भाजपा सरकार लगातार विपक्ष के नेताओं को प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने कहा, देश में बढ़ती हुई महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी से आम जनता परेशान है। ऐसे मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाकर विपक्ष के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे ने कहा, नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी को निर्वाचन आयोग में क्लीन चिट दे दी गई थी। अब उसे आठ साल बाद बिना तथ्य एवं बिना तर्क के परेशान करने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार की सुनियोजित नीति है। वह विपक्ष के लोगों की आवाज बंद करना चाहती है। भाजपा पहले लोगों की सीडी चलाती थी अब ईडी चला रही है। प्रदर्शन में संजय पाठक, देव कुमार साहू, दीपा बग्गा, प्रशांत ठेंगड़ी, कामरान अंसारी, दिनेश ठाकुर, बंशी कन्नौजे आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *