केरल के बाद मंगलवार को दिल्ली में भी मंकीपॉक्स का नया मामला सामने आया है। मरीज नाइजीरिया का है, लेकिन दिल्ली में ही रहता है। इसकी कोई हालिया ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली है। इसके बाद देश में मंकीपॉक्स के मरीजों की संख्या 8 पहुंच चुकी है। इनमें दिल्ली में 3 और केरल में 5 मामले दर्ज हुए हैं।
वहीं, केरल में 30 जुलाई को एक मरीज की मौत हो चुकी है। दिल्ली में 3 संक्रमितों में से 2 नाइजीरिया के नागरिक हैं। इधर, केंद्र ने बढ़ते मामलों के बीच एक टास्क फोर्स का गठन किया है। इसकी अध्यक्षता डॉक्टर वीके पॉल और स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण कर रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि केरल में मंगलवार को मिला 5वां मरीज 27 जुलाई को UAE से घर पहुंचा था। तबीयत खराब होने पर उसे मलप्पुरम जिले के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत अभी ठीक है।
मरीज के माता-पिता सहित उसके संपर्क में रहने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मंत्री ने बताया कि बाकी के तीन मरीजों में से एक पूरी तरह ठीक हो चुका है। दूसरों की हालत में भी सुधार है।दिल्ली में भी पहले दो मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से एक व्यक्ति अफ्रीका से लौटा था। वहीं, एक 35 साल का व्यक्ति भी पॉजिटिव पाया गया है, जो नाइजीरिया का है और भारत में ही रहता है, लेकिन संक्रमित पाए जाने से कुछ दिन पहले मनाली घूमकर आया था।
केरल के त्रिशूर में शनिवार को 22 साल के शख्स की मौत हो गई। यह युवक 21 जुलाई को संयुक्त अरब अमीरत (UAE) से लौटा था, जिसके बाद उसे 27 जुलाई को अस्पताल में भर्ती किया गया, यहां उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के बाद उसकी रिपोर्ट सामने आई, जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया।