अवैध कब्जे पर ग्रामीणों ने चला दिया बुलडोजर:दर्जन भर से ज्यादा मकान-दुकान ढहाए

अवैध कब्जे पर ग्रामीणों ने चला दिया बुलडोजर:दर्जन भर से ज्यादा मकान-दुकान ढहाए

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अवैध कब्जा धारकों पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शिकायत के बाद भी प्रशासन के कार्रवाई नहीं करने से नाराज ग्रामीणों ने दर्जन भर मकान और दुकानों पर बुलडोजर चला दिया। इसके चलते गांव में जमकर बवाल हुआ। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उनका आक्रोश देख सब शांत हो गए। यहां तक कि तहसीलदार और SDM भी खामोश ही खड़े रहे। मामला तखतपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बेलमुंडी का है।

दरअसल, गांव वाले गौठान और शासकीय जमीन में लगातार हो रहे अतिक्रमण से परेशान थे। ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर ग्रामीणों ने अवैध कब्जा हटाने के लिए कई बार तहसील कार्यालय में जाकर शिकायत की। साथ ही जिला प्रशासन से भी अतिक्रमण तोड़ने की मांग की। आरोप है कि इसके बाद भी राजस्व अफसर ग्रामीणों की मांग को नजर अंदाज कर दिया। इसके कारण ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को भड़क गया।प्रशासन ने नहीं सुनी तो ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में प्रस्ताव पास किया और अतिक्रमण हटाने की सूचना भी दी। इसके बाद भी राजस्व अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। इस पर मंगलवार दोपहर 12 बजे एकजुट होकर ग्रामीणों ने बुलडोजर मंगाया और पक्के मकान और दुकानों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया। इसके बाद तो हंगामा हो गया। थोड़ी ही देर में SDM महेश शर्मा, तहसीलदार राजेंद्र भारत, नायब तहसीलदार गुरु दत्त पंचभाई और मनीषा झा पहुंच गए।ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए अफसरों ने जिला मुख्यालय को इस घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद बिलासपुर से बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव रवाना किया गया। राजस्व अफसरों के इशारे पर हिर्री TI बृजलाल भारद्वाज ने JCB चालक को रोक दिया और खाकी का रौब दिखाकर गाली देते हुए उसकी पिटाई कर दी। इससे भड़के ग्रामीणों की भीड़ TI भारद्वाज से उलझ गई। मारपीट करने से नाराज ग्रामीणों ने TI से धक्का-मुक्की करते हुए झूमाझटकी शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *