कॉमनवेल्थ गेम्स में गुरुवार को 7वें दिन के मुकाबले चल रहे हैं। हॉकी में भारत का मुकाबला वेल्स से खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने 3-0 की बढ़त बना ली है। तीनों गोल हरमनप्रीत सिंह ने दागे हैं। इस मेगा टूर्नामेंट में हरमनप्रीत के 9 गोल हो गए हैं। उन्होंने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। वहीं, उन्हें एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसका लाभ उठाते हुए उन्होंने गोल दागा।
बॉक्सिंग के 60 kg वेट कैटेगरी में भारत की जैस्मिन ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में न्यूजीलैंड की टोरी ग्रांटन को हराया है। बॉक्सर अमित पंघाल भी अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। अमित ने स्कॉटलैंड के लेनन मूलिगन को 48 KG वेट कैटेगरी में 5-0 से हराया। इसी के साथ बॉक्सिंग में भारत के 2 मेडल पक्के हो गए हैं।
पीवी सिंधु ने विमेंस सिंगल्स के राउंड-32 के मैच में मालदीव की फातिमा नबा को 21 – 4, 21 – 11 से हराया। वे प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गई हैं। वहीं, अश्विनी पोनप्पा और सुमित रेड्डी की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड के हेमिंग कलम और पुघ जेसिका की जोड़ी ने उन्हें 21-18, 21-16 से हराया।स्प्रिंटर हिमा दास (23.42 सेकंड) ने विमेन 200 मीटर रेस के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। वे हीट-2 के टॉप पर रहीं। वहीं, मंजू बाला विमेन हैमर थ्रो के फाइनल में पहुंच गई हैं। वे 59.68 मीटर के थ्रो के साथ 11वें नंबर पर रहीं। जबकि एक अन्य भारतीय सरिता सिंह ऐसा करने में नाकाम रही हैं। इस इवेंट का क्वालिफाइंग मार्क 68.00 मीटर था। कनाडा-न्यूजीलैंड की खिलाड़ी ही इसे पार कर सकीं। शेष ने टॉप-12 में रहकर फाइनल में जगह बनाई।
कॉमनवेल्थ 2022 का छठा दिन भारत के लिए शानदार रहा। इस मेगा टूर्नामेंट के छठे दिन भारतीय टीम को 5 मेडल मिले। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत ने अब तक 18 मेडल जीत लिए हैं। जिसमें 5 गोल्ड, 6 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज पदक शामिल हैं।
वहीं, भारतीय महिलाओं ने क्रिकेट में बारबाडोस को 100 रनों से हरा दिया। स्क्वॉश में सौरव घोषाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया । उन्होंने जेम्स विल्सट्रोप को 3-0 से हराया। पहला गेम सौरव ने 11-6 से अपने नाम किया और दूसरा गेम भी 11-1 से जीत लिया। तीसरे गेम में सौरव ने विल्सट्रोप को 11-4 से हरा दिया।भारतीय जूडो प्लेयर तूलिका मान ने 78 KG वेट कैटेगरी में भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। वो विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी स्कॉटलैंड की सारा एडलिंग्टन से मुकाबला हार गईं। इससे पहले उन्होंने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की सिडनी एंड्रयूज को 10-1 से हराया था और क्वार्टर फाइनल में मॉरिशस की ट्रेशी डरहोन को भी उन्होंने मात दी थी।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कनाडा को 8-0 से हरा कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। हरमनप्रीत सिंह और आकाशदीप सिंह ने सबसे ज्यादा दो-दो गोल दागे। इसके अलावा अमित रोहिदास, ललित उपाध्याय, गुरजंत सिंह और मनदीप सिंह ने भारत के लिए एक-एक गोल किया। भारत की ये तीन मैचों में दूसरी जीत है। वह 7 पॉइंट्स के साथ पूल बी में नंबर-1 पर है।भारतीय महिला हॉकी टीम ने रोमांचक मुकाबले में कनाडा को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत के लिए पहला गोल सलिमा टेटे ने और दूसरा गोल नवनीत कौर ने किया। वहीं, तीसरा गोल लालरेसमियामी ने दागा। वहीं, कनाडा के लिए पहला गोल ब्रिएन स्टेयर्स और दूसरा गोल हन्ना ह्यून ने किया।
महिला बॉक्सिंग में नीतू सिंह सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पदक पक्का कर लिया है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मैच में उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लॉयड को हराया। वहीं, मोहम्मद हुसामुद्दीन ने भी बॉक्सिंग में एक मेडल पक्का कर लिया है। उन्होंने 57 KG वेटकैटेगरी में नामीबिया के ट्राईअगेन मॉर्निंग डेवेलो को 4-1 से हरा दिया।