छत्तीसगढ़ में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, 5 लाख का इनामी ढेर:

छत्तीसगढ़ में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, 5 लाख का इनामी ढेर:

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में जवानों ने 5 लाख रुपए के एक इनामी माओवादी को ढेर किया है। मारे गए माओवादी शव को लेकर DRG जवान जिला मुख्यालय पहुंचे। मृत माओवादी की पहचान कोसा माड़वी के रूप में हुई है। यह नक्सलियों की कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य (ACM) के रूप में सक्रिय था। दंतेवाड़ा जिले के अलग-अलग थानों में करीब 20 से ज्यादा नामजद अपराध दर्ज थे। मामला कटेकल्याण थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, दंतेवाड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि एटेपाल और जोयकोड़ता के जंगल में भारी संख्या में हथियार बंद माओवादी मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर DRG के जवानों को मौके पर रवाना किया गया था। जवान जब एटेपाल की पहाड़ी पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद माओवादियों ने जवानों को देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी एक नक्सली कोसा माड़वी को ढेर कर दिया। जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का सहारा लेकर भाग निकले।

करीब 45 मिनट तक चली मुठभेड़ के बंद होने के बाद इलाके की सर्चिंग की गई। मौके से एक नक्सली के शव समेत 12 बोर कट्टा, जिंदा कारतूस, कॉर्डेक्स वायर, टिफिन बम, फटाका समेत भारी मात्रा में दैनिक उपयोग के सामान बरामद किए गए हैं। दंतेवाड़ा के SP सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि एनकाउंटर में ढेर माओवादी मैलावाड़ा IED ब्लास्ट की घटना में शामिल था। इस घटना में 7 जवानों की शहादत हुई थी। इसके अलावा कई बड़े वारदातों में शामिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *