छत्तीसगढ़ में शिवनाथ एक्सप्रेस डिरेल:राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में 2 कोच पटरी से उतरे

छत्तीसगढ़ में शिवनाथ एक्सप्रेस डिरेल:राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में 2 कोच पटरी से उतरे

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में शिवनाथ एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार तड़के डिरेल हो गई। डोंगरगढ़ में गाड़ी क्रमांक 18239 शिवनाथ एक्सप्रेस के 2 कोच के 5 पहिए पटरी से उतर गए। कोच SEC 134400 और SEC 084114 के 5 पहिए डोंगरगढ़ यार्ड में बेपटरी हुए हैं। ट्रेन कोरबा से महाराष्ट्र के इतवारी (नागपुर) जा रही थी। फिलहाल हादसे में किसी यात्री के नुकसान की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के उच्च अधिकारी नागपुर से मौके पर पहुंचे और पटरी के साथ ही डिब्बे का मरम्मत कार्य किया जा रहा है। रेल हादसे के कारण 7 से ज्यादा गाड़ियों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया था। इसके चलते ये गाड़ियां दो से तीन घंटे की देरी से चल रही हैं।

फिलहाल हादसे की वजहों का पता नहीं चल सका है। रेलवे के मुताबिक, राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में लाइन नंबर 3 में शिवनाथ एक्सप्रेस के इंजन से लगे दो कोच उतरे पटरी से उतरे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर डीआरएम, सीनियर डीसीएम सहित आला अधिकारी पहुंचे। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दुर्घटना तड़के 3 बजकर 42 मिनट पर हुई।

नागपुर रेल मंडल के डीआरएम मनिंदर सिंह उप्पल ने बताया कि शिवनाथ एक्सप्रेस जो बिलासपुर की ओर से नागपुर की ओर जा रही थी और डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 में एंट्री करने वाली थी, उसी समय दो डिब्बे डिरेल हुए हैं। स्पीड कम होने के कारण किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि दो बोगियों को छोड़कर बाकी ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया है।महाराष्ट्र के गोंदिया और इतवारी से दुर्घटना रिलीफ ट्रेन और दुर्घटना चिकित्सा सहायता ट्रेन को दुर्घटना स्थल पर भेजा गया। इस बीच टूल वैन भी घटनास्थल पर पहुंची। फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त हुए डिब्बों को हटा दिया गया है और ट्रेन इतवारी के लिए रवाना हो गई है।8 घंटे के अंदर हुआ ये दूसरा ट्रेन एक्सीडेंट है। इससे पहले भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन के पास बीती रात भी एक हादसा हुआ है। विजयनगरम जा रही एक मालगाड़ी के 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना रात करीब 8.35 बजे हुई, जब ट्रेन चक्रधरपुर डिवीजन से भुवनेश्वर और कटक के रास्ते विजयनगरम जा रही थी। इसके कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *