राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख व सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत 10 से 12 सितंबर तक छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। अपने 3 दिवसीय दौरे में वे राजधानी रायपुर में अखिल भारतीय समन्वय समिति की बैठक लेंगे। ये बैठक स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट माना के पास जैनम जैन भवन में होगी। छत्तीसगढ़ में संघ की इस तरह की बैठक पहली बार होने जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बैठक में भाजपा समेत संघ की विचारधारा को पोषित करने वाले विविध 37 संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री व संगठन मंत्री शामिल होंगे। ये सभी संगठन स्वतंत्र रूप से काम करते हैं, लेकिन साल में एक बार परिवार की तरह साथ बैठकर न सिर्फ अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हैं, बल्कि आगामी योजनाओं और एजेंडे की जानकारी भी देते हैं। संघ इसमें अपने मुद्दों की जानकारी भी देता है।रायपुर में होने वाली संघ की अखिल भारतीय समन्वय समिति की बैठक में मोहन भागवत के साथ संघ के शीर्ष नेता संघ कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी आ रहे हैं। साथ ही सभी 5 सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, डॉ. मनमोहन वैद्य, श्री मुकुंदा, रामदत्त चक्रधर और अरूण कुमार भी पहुंचेंगे। इनमें से चक्रधर छत्तीसगढ़ में ही हैं। इसके अलावा संघ के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर भी आएंगे।