खत्म हो सकती है कर्मचारियों की हड़ताल!:छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की बैठक शुरू

खत्म हो सकती है कर्मचारियों की हड़ताल!:छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की बैठक शुरू

छत्तीसगढ़ में पिछले 11 दिनों से चल रही कर्मचारी संगठनों की हड़ताल आज खत्म हो सकती है। हड़ताल पर फैसले के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के घटक संगठनों की बैठक अभी-अभी शुरू हुई है। इससे पहले संगठन के नेताओं ने जिला संयोजकों से रिपोर्ट ली थी। इसमें कहा गया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अपील के बाद सरकार को एक मौका देना चाहिए। हालांकि इस पर अंतिम फैसला कर्मचारियों की बैठक में चर्चा के बाद ही लिया जाना है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को कर्मचारियों के लिए एक अपील जारी की थी। उसमें कहा गया था, लोगों की आवश्यकता से जुड़े काम रुक जाने से जनता को असुविधा हो रही है। अत: आप सभी कर्त्तव्यों का निर्वहन करें। मुख्यमंत्री ने लिखा कि हमारी सरकार कर्मचारी हित के लिए सदैव तत्पर है। पुरानी पेंशन योजना उसका एक उदाहरण है। राज्य के वित्तीय संसाधनों को देखते हुए हम कर्मचारी हित में निर्णय लेते रहे हैं, आगे भी लेते रहेंगे। बाद में प्रेस से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को हड़ताल खत्म करने को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने कहा था, काम पर लौटो उसको बाद मिल लो, इसमें मुझे कोई तकलीफ थोड़े ही है। पहले काम पर लौटें तो सही। हड़ताल खत्म नहीं हाेने की स्थिति में कार्रवाई के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, जो लौट आएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। जो आदेश है वह तो है। एक-दो तारीख तक ज्वाइन कर लेते हैं तो कोई कार्रवाई नहीं होगी। उसके बाद सर्विस ब्रेक भी होगा और तनख्वाह काटने की भी कार्रवाई होगी। इस चेतावनी के बाद कर्मचारी संगठनों की बेचैनी बढ़ गई। पूरे दिन मंथन के बाद शंकर नगर स्थित राजपत्रित अधिकारी संघ के कार्यालय में फेडरेशन के नेताओं की बैठक हुई है। इसमें फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा सहित सभी घटक संगठनों के नेता मौजूद थे। इस दौरान जिला संयोजकों से रिपोर्ट ली गई। बताया जा रहा है, जिला संयोजकों का कहना था कि मुख्यमंत्री की अपील के बाद सरकार को एक मौका देना चाहिए। हड़ताल खत्म कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलकर बात किया जाए। सरकार नहीं मानी तो हड़ताल का विकल्प मौजूद रहेगा। बाद में हड़ताल के भविष्य पर फैसला करने के लिए सभी नेताओं की बैठक रायपुर के बहुउद्देशीय स्कूल में शुरू हुई। बताया जा रहा है कि यह बैठक लंबी चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *