छत्तीसगढ़ में शनिवार से जिलों की संख्या बढ़कर अब 31 हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव में नए जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का शुभारंभ किया। इससे पहले CM ने रायगढ़ के सारंगढ़ पहुंच ेकर प्रदेश के 30वें जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ का उद्घाटन किया था। दोनों जिलों के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने 1000 करोड़ से ज्यादा के कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही हर ओर जयकारे लगे और लोगों ने हार और पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को तिरंगा गमछा भी पहनाया गया।
राजा फतेह सिंह खेल मैदान में हुए मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, बहुत लंबे समय से जिले की मांग चल रही थी, लेकिन जिला नहीं बन सका था। इस जिले में खेले-कूदे लेकिन जिला नहीं बना सके। पौने चार साल में हमारी सरकार ने 6 नए जिले बनाए। इसका मकसद जनता और प्रशासन के बीच की दूरी कम होनी चाहिए। हमारी सरकार मेहनतकश का सम्मान करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खैरागढ़ संगीत नगरी के नाम से जाना जाता है। जिले के साथ कला संगीत भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने खैरागढ़ संगीत विवि के आधीन बस्तर और सरगुजा में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। अगले साल 422 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल खोले जाएंगे।
मुख्यमंत्री बघेल ने केंद्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र ने अड़ंगा लगाया, लेकिन फिर भी कोरोना काल में लोगों की मदद की। सीएम ने कहा कि उन्होंने बड़े उद्योगपतियों के 10 लाख करोड़ माफ किया है। हमने तो किसानों के ही ऋण माफ किए हैं। हां हमने रेवड़ी बांटी है, लेकिन उन्होंने रबड़ी दी है। सीएम ने कहा कि सोच में अंतर है। वो केवल भावनात्मक शोषण करते हैं। वो तुम्हारी जेब से पैसा निकालने का काम कर रहे हैं। पेट्रोल, डीजल गैस सबके दाम बढ़ा दिए।