ब्रिटेन में ऊर्जा के बढ़ते खर्च को लेकर दहशत है। अगले माह से घरों के बिजली बिल में 80 प्रतिशत बढ़ोतरी हो सकती है। घरों के गैस और बिजली बिलों में तो सरकार कुछ रियायत दे सकती है। लेकिन, बिजनेस सेक्टर को बहुत कम छूट मिलती है। उद्योग, व्यापार जगत से जुड़े संगठनों ने आगाह किया है कि यदि आसमान छूते बिलों से राहत नहीं मिली तो बिजली की अधिक खपत वाले बार और रेस्तरां जैसे छोटे कारोबारों के बंद होने की सुनामी आ जाएगी।
पिछले सप्ताह छह बड़ी बार चेन, ब्रुअरीज और ब्रिटिश बीयर, पब एसोसिएशन के प्रमुखों ने सरकार से जल्द हस्तक्षेप करने की अपील की है। उनका कहना है, ऐसा नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में बार बंद हो जाएंगे। जिन कंपनियों और कारोबारियों को अपने बिजली कांट्रेक्ट फिलहाल रिन्यू नहीं करना हैं, वे भी भविष्य की स्थितियों से परेशान हैं। हर गुजरते दिन के साथ लिंडसे आर्मस्ट्रांग की दुविधा बढ़ती जाती है। अक्टूबर की शुरुआत में उन्हें अपना बिजली कनेक्शन रिन्यू करना है। लेकिन, उसका शुल्क 24 लाख रुपए से बढ़कर एक करोड़ रुपए होने के कारण उन्हें सोचना पड़ रहा है।