राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ-RSS के प्रमुख मोहन भागवत रायपुर पहुंच गए हैं। वे नागपुर से मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस से रायपुर स्टेशन पहुंचे। यहां RSS के प्रांत प्रमुख डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना और कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। भागवत को भारी सुरक्षा घेरे में रेलवे स्टेशन से माना हवाई अड्डे के पास स्थित जैनम मानस भवन ले जाया गया है। ऐसा पहली बार है कि मोहन भागवत 7 दिन तक रायपुर में ही रुकेंगे।
मोहन भागवत, RSS की अखिल भारतीय समन्वय बैठक के लिए रायपुर पहुंचे हैं। वे यहां अगले सात दिन रुकने वाले हैं। RSS के 36 अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों की समन्वय बैठक 10 से 12 सितंबर के बीच होनी है। अखिल भारतीय स्तर की यह व्यापक समन्वय बैठक प्रतिवर्ष एक बार आयोजित होती है। बैठक में सर संघ चालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित RSSके पांचो सह सरकार्यवाह तथा अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे इसमें भारतीय मजदूर संघ के हिरण्यमय पंड्या व बी सुरेंद्रन, विश्व हिंदू परिषद के आलोक कुमार व मिलिंद परांडे, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आशीष चौहान व निधि त्रिपाठी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व बीएल संतोष तथा भारतीय किसान संघ के दिनेश कुलकर्णी, विद्याभारती के रामकृष्ण राव एवं जीएम काशीपती, राष्ट्र सेविका समिति से शांताक्का तथा अन्नदानम् सीताक्का, वनवासी कल्याण आश्रम के रामचन्द्र खराडी व अतुल जोग आदि शामिल हो रहे हैं।