बिहार में भाजपा को सत्ता से दूर करने के बाद नीतीश कुमार मिशन 2024 की तैयारी में जुट गए हैं। इसी कड़ी में सोमवार को वे 3 दिन के दौरे पर दिल्ली पहुंचे। पहले दिन ही उन्होंने विपक्ष के 5 बड़े नेताओं से मुलाकात की। इनमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कर्नाटक के पूर्व CM और JDS नेता एचडी कुमारस्वामी, CPI(M) महासचिव सीताराम येचुरी, दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल और NCP सुप्रीमो शरद पवार शामिल हैं।
इसके अलावा ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव गुट) और ओडिशा के CM बीजू जनता दल के नेताओं से भी नीतीश की मुलाकात प्रस्तावित है। राजनीतिक गलियारों में नीतीश के दिल्ली दौरे को विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। बिहार में भाजपा से गठबंधन तोड़ने के बाद से ही नीतीश लगातार विपक्षी नेताओं से संपर्क साध रहे हैं।नीतीश का दिल्ली दौरा अगर सफल रहा और सभी दल एकजुट हो गए तो आगामी लोकसभा चुनाव में 500 से ज्यादा सीटों पर भाजपा से सीधी लड़ाई होगी। जिन दलों से नीतीश संपर्क साध रहे हैं, वे सभी दल दक्षिण से लेकर उत्तर भारत तक प्रभावी हैं।