लिज ट्रस ब्रिटेन की 56वीं प्रधानमंत्री बन गई हैं। मंगलवार को स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कासल में क्वीन एलिजाबेथ ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। आमतौर पर यह कार्यक्रम लंदन के बकिंघम पैलेस में होता है, लेकिन क्वीन इस वक्त स्कॉटलैंड में हैं। 96 साल की क्वीन खराब सेहत के चलते यात्रा नहीं कर पा रही हैं। इसलिए नए PM की शपथ स्कॉटलैंड में हुई।
इस मामले में खास बात यह है कि लिज ने उन्हीं क्वीन एलिजाबेथ के सामने शपथ ग्रहण की, जिनका वो 1994 में खुला विरोध कर चुकी हैं। यह भी रोचक है कि राजशाही का विरोध करने वाली पहली महिला प्रधानमंत्री को क्वीन ने ही PM की सील या मुहर भी सौंपी।
‘द मिरर’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषि सुनक को ट्रस कैबिनेट में जगह नहीं मिलेगी। सभी नाम तय हो चुके हैं। टॉप 4 पोजिशन पर सभी अश्वेत सांसदों के नाम बताए गए हैं। जॉनसन सरकार में सुनक वित्त मंत्री थे। कोविड के दौर में ब्रिटेन को मुश्किल से उबारने के लिए उनकी दुनिया में तारीफ हुई थी।प्रधानमंत्री बनने के बाद लिज ने पहली स्पीच दी। कहा- बोरिस जॉनसन ने ब्रेक्जिट, कोविड और रूस जैसे मुद्दों को कामयाबी से हैंडल किया। अब हम ब्रिटेन को उम्मीदों से भरा देश बनाना चाहते हैं। हमें नई सड़कें, मकान बनाने होंगे। ज्यादा तेज ब्रॉडबैंड चाहिए होगा। ब्रिटेन के लोगों पर जो बोझ है, उसे कम करना होगा। हम टैक्स कम करेंगे और इकोनॉमी को पटरी पर लाएंगे ताकि बेहतर ग्रोथ मिले।