साउथ सुपरस्टार प्रभास के चाचा और एक्टर यू.वी. कृष्णम राजू का 83 साल की उम्र में निधन हो गया है। वो काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शनिवार (10 सितंबर) को उनकी तबियत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया और फिर रविवार सुबह उन्होंने 3:25 पर आखिरी सांस ली।कृष्णम राजू के पार्थिव शरीर को आज दोपहर 12 बजे के बाद उनके घर पर लाया जाएगा। वहीं उनके फैमिली मेंबर्स का कहना है कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर को होगा।
सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के लोग तक कृष्णम राजू को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। साथ ही इस दुख की घड़ी में प्रभास और उनके फैमिली के साथ खड़े हैं। आपको बता दें कृष्णम राजू अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियां छोड़कर चले गए हैं।कृष्णम राजू का जन्म 20 जनवरी 1940 को आंध्र प्रदेश के वेस्ट गोदावरी डिस्ट्रिक्ट के मोगाल्तुरु में हुआ था। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद, उन्होंने कुछ समय तक पत्रकार के रूप में काम किया। फिर बाद में उन्होंने 1966 में फिल्म ‘चिलाका गोरनिका’ से एक्टिंग में डेब्यू किया था। इस फिल्म को नंदी अवॉर्ड भी मिला था। कृष्णम राजू ने लगभग 50 साल के करियर में लगभग 183 फिल्मों में काम किया था। वो आखिरी बार अपने भतीजे प्रभास की फिल्म ‘राधे श्याम’ में नजर आए थे।