चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम अब शहीद भगत सिंह के नाम पर ही रखा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने कार्यक्रम ‘मन की बात’ में इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर ही रखा जाएगा। 28 सितंबर को भगत सिंह के जन्मदिन पर इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट के नाम को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच लंबे समय से खींचतान चलती रही है। पंजाब सरकार तर्क देती रही है कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए मोहाली की जमीन ली गई है इसलिए इसका नाम उसकी मर्जी से रखा जाना चाहिए। दूसरी ओर हरियाणा सरकार दावा करती रही है कि यह एयरपोर्ट पंचकूला से भी लगता है इसलिए उसका भी इस पर दावा बनता है। दोनों राज्यों के इन तर्कों के बीच अभी तक एयरपोर्ट को चंडीगढ़ एयरपोर्ट के नाम से ही पुकारा जाता रहा है।एयरपोर्ट के नाम पर पंजाब और हरियाणा सरकारों के बीच विवाद बढ़ने पर मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया। हाईकोर्ट ने दोनों राज्यों को मिल-बैठकर मामला सुलझाने की हिदायत दी। इसके बाद अगस्त-2022 में चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के बीच मीटिंग हुई। इस मीटिंग में दोनों राज्य चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद-ए-आजम भगत सिंह के नाम पर रखने पर सहमत हो गए।