यूपी के औरैया में टीचर की पिटाई से दलित छात्र की मौत के बाद सोमवार को जमकर उपद्रव हुआ। गांव में बच्चे का शव पहुंचने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी फूंक दी। पुलिस पर पथराव किया।
हालात इतने बेकाबू हो गए कि आधी रात IG और ADG को मौके पर पहुंचना पड़ा। सीनियर अफसरों ने पीड़ित परिवार से बात की। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिवार राजी हुआ। मंगलवार सुबह शव के अंतिम संस्कार की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। लेकिन, पुलिस द्वारा उपद्रव में शामिल लोगों की धरपकड़ की सूचना के बाद परिजन ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इससे हालात फिर बिगड़ गए। साढ़े चार घंटे की मान-मनौवल के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने को मान गए।
वहीं पुलिस ने अब जीप फूंकने का CCTV फुटेज जारी किया है। इसमें दिख रहा है कि 8-10 लोग गाड़ी में आग लगाते दिखाई दे रहे हैं। आग लगाने के बाद जीप को सड़क पर पलट देते हैं। वीडियो के आधार पर पुलिस इन लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी में जुट गई है।SP चारू निगम ने बताया कि उपद्रव के मामले में 35 नामजद और तकरीबन 200 से 250 अज्ञात पर मुकदमा किया गया है। बताते चलें कि नामजद आरोपियों में मृतक के पिता राजू दोहरे का नाम भी शामिल किया गया है, जबकि अज्ञात में परिवार का नाम डाला गया है।