इंडियन एयरफोर्स डे पर शनिवार को चंडीगढ़ में एयर शो हुआ। इस मौके पर एयरफोर्स के जवानों ने आसमान में करतब दिखाए। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर चीफ गेस्ट पहुंची। उनके साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी आए। कार्यक्रम में सांसद किरण खेर भी मौजूद रहीं। इसके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा के गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने भी एयर शो का लुत्फ उठाया
सुखना लेक पर एयर शो को देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे। एयर शो शाम 5 बजे तक चला। आसमान में राफेल, सुखोई, मिग, प्रचंड, मिराज, चेतक, चीता, चिनूक, रुद्रा जैसे 80 से ज्यादा एयरक्राफ्ट ने ताकत दिखाई। एयरफोर्स के ट्रेंड जवानों ने पैराशूट से हजारों फीट की ऊंचाई से करतब दिखाए। इस मौके पर एयरफोर्स ने अपने जवानों के लिए न्यू कॉम्बेट यूनिफॉर्म भी लॉन्च की।