आम आदमी पार्टी (AAP) के गुजरात प्रमुख गोपाल इटालिया का एक और VIDEO सामने आया है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने यह वीडियो शेयर किया। इटालिया ने इस वीडियो में एक बार फिर PM नरेंद्र मोदी और उनकी मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
इसके पहले राष्ट्रीय महिला आयोग ने इटालिया के एक वीडियो में PM के लिए अभद्र भाषा बोलने को लेकर उन्हें नोटिस जारी किया था। इसका जवाब देने पहुंचे इटालिया ने राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष के ऑफिस में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हें हिरासत में लिया गया। तीन घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
इस वीडियो को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इटालिया पर हमला बोला है। उन्होंने दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को भी निशाने पर लिया। स्मृति ने ट्वीट किया- अरविंद केजरीवाल, गटर जैसे मुंह वाले गोपाल इटालिया ने आपके आशीर्वाद से PM मोदी की मां हीरा बा को गाली दी। मैं कोई नाराजगी नहीं जताती, मैं यह नहीं दिखाना चाहती कि गुजराती कितने नाराज हैं, लेकिन आप यह जान लें कि जनता ने आपको देख लिया है। आपकी पार्टी को गुजरात चुनाव में नष्ट कर दिया जाएगा।