दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह मॉस्को से दिल्ली आई फ्लाइट में बम की खबर के बाद हड़कंप मच गया। इसके बाद इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित प्लेन से उतार लिया है। यात्रियों के सामान और प्लेन की तलाशी ली गई है। फिलहाल, इनमें कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को गुरुवार देर रात मॉस्को से दिल्ली आ रही फ्लाइट में बम फटने का धमकी भरा ईमेल मिला। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया और एयरपोर्ट की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। शुक्रवार अल सुबह करीब 3:20 बजे फ्लाइट नंबर SU 232 की रनवे 29 पर लैंडिंग करवाई गई।
पुलिस ने बताया कि पहले सभी यात्रियों, फिर क्रू मेंबर्स को सुरक्षित नीचे उतारा गया। विमान की चेकिंग की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभी कोई बम नहीं मिला है। फ्लाइट में 386 यात्री और 16 क्रू मेंबर्स सवार थे। पुलिस सभी यात्रियों से पूछताछ कर रही है। इसके बाद ही सभी लोगों को एयरपोर्ट से बाहर निकले दिया जाएगा।