छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। सर्चिंग पर निकले जवानों पर माओवादियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाई है। इस घटना में CRPF के एक सब इंस्पेक्टर को गोली लगी है। बताया जा रहा है कि घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति अभी सामान्य है। वे CRPF की 210 बटालियन में पदस्थ थे। मामला जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, CRPF के जवान चिनागेलूर के जंगल की तरफ सर्चिंग पर निकले हुए थे। इस दौरान यहां पहले से ही घात लगाकर बैठे माओवादियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला और माओवादियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया। हालांकि, जवाबी कार्रवाई में नक्सली मौके से भाग निकले।