देश की सबसे तेज ट्रेन वंदे भारत शनिवार सुबह फिर हादसे का शिकार हो गई। ये हादसा गुजरात में हुआ, जब मुंबई से अहमदाबाद जा रही ट्रेन के सामने बैल आ गया। इससे ट्रेन का आगे का हिस्सा टूट गया। हालांकि, आधा घंटा रूकने के बाद ट्रेन को फिर रवाना कर दिया गया। अक्टूबर में वंदे भारत अब तक तीन बार मवेशियों से टकराई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना सुबह 8 बजे का आसपास हुई, जब वंदे भारत एक्सप्रेस वलसाड़ के अतुल रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। तभी उसके सामने एक बैल आ गया। उसके टकराने से ट्रेन का अगला हिस्सा टूट गया। घटना के बाद ट्रेन करीब 26 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही, जिसके बाद उसे रवाना किया गया।