छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए फिर से नई मुसीबत शुरू होने वाली है। त्यौहारी सीजन खत्म होते ही रेलवे ने एक साथ 5 से 17 नवंबर तक 39 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। एक दिन पहले ही रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (ZRUCC) की बैठक हुई थी, जिसमें रेल यात्रियों की समस्याओं और सुविधाओं पर चर्चा की गई थी। लेकिन, दूसरे ही दिन विकास कार्यों की आड़ में हावड़ा-मुंबई रुट की 15 और कटनी-भोपाल रुट की 24 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है।
एक बार फिर रेल यात्रियों की दिक्कतें बढ़ने वाली है। रेलवे ने SECR की 39 ट्रेनों को रद्द करने का आदेश जारी किया है। बताया गया है कि डबलिंग वर्क के कारण ट्रेनों को रद्द किया जा रहा है। दरअसल, पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल में मालखेड़ी–गुना और मालखेड़ी-महादेवखेड़ी जंक्शन सेक्शन में दोहरीकारण का काम किया जाएगा। इसके साथ ही SECR के नागपुर रेल मंडल के राजनांदगांव-कलमना रेल खंड के बीच में सालवा रेलवे स्टेशन को तीसरी रेलवे लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सहित अन्य काम होगा। लिहाजा, रेलवे ने दोनों ही रूट की गाड़ियों को कैंसिल करने का फैसला लिया है।