मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शिवसेना सांसद संजय राउत को मुंबई की PMLA कोर्ट से 102 दिन बाद जमानत मिल गई है। वह शाम आर्थर रोड जेल से बाहर आए। जेल के बाहर शिवसेना समर्थकों ने नारेबाजी कर और गुलाल उड़ाकर उनका स्वागत किया।
राउत की जमानत के फैसले को प्रर्वतन निदेशालय (ED) ने बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है। जस्टिस भारती डांगरे इस पर कल सुनवाई करेंगे। कोर्ट ने रिहाई का आदेश तुरंत रोकने से इनकार कर दिया था। कोर्ट ने कहा- सेशन कोर्ट ने फैसला लेने में एक महीना लिया है तो आप हमसे एक दिन में फैसले की उम्मीद कैसे कर सकते हैं।शाम पांच बजे सेशन कोर्ट से मिले जमानत आदेश की कॉपी लेकर संजय राउत के भाई सुनील राउत और उनकी लीगल टीम आर्थर रोड जेल पहुंचे थे। उन्होंने कागजी कार्यवाही पूरी कराई। सुनील राउत ने बताया कि संजय की तबीयत ठीक नहीं है। जेल से रिहा होते ही वे शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे से मिलेंगे और एक-दो जगह जाएंगे। इसके बाद अस्पताल में भर्ती हो जाएंगे।