टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर

टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर

टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है। दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से हरा दिया। IPL में धूम-धड़ाके वाला खेल दिखाने वाले भारतीय सितारे इस पूरे मैच में सहमे नजर आए। चलिए जानते हैं कि वे कौन से 5 फैक्टर रहे, जिन्होंने टीम इंडिया की हार की पटकथा लिखी।बड़े मैच और बड़ी टीम के खिलाफ भारतीय ओपनर केएल राहुल का फेल होने का सिलसिला जारी रहा। बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ राहुल ने हाफ सेंचुरी जमाई थी। इस मुकाबले में भी उन्होंने पहली गेंद पर चौका जमाया, लेकिन इसका खास फायदा नहीं हुआ। वे 5 गेंद पर 5 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर जोस बटलर को कैच थमा बैठे।

इंग्लैंड ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया। तब भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा था कि अगर वो टॉस जीतते तो भी पहले बल्लेबाजी ही करते, लेकिन मुंहमांगी मुराद पूरी होने के बाद भी भारतीय बल्लेबाजों के रुख से ऐसा लगा कि वे बहुत डरे-सहमे हैं। पावर-प्ले के 6 ओवर में भारत ने सिर्फ 1 विकेट गंवाया, लेकिन रन सिर्फ 38 बनाए। 10 ओवर तक भारत ने सिर्फ 62 रन बनाए थे।

धीमी शुरुआत के बाद भारत को आखिरी के ओवर्स में पावर हिटिंग की जरूरत थी। हार्दिक पंड्या ने जरूर इसमें कामयाबी हासिल की, लेकिन इस मामले में वो इकलौते साबित हुए। इसकी वजह यह है कि उनके अलावा कोई दूसरा बैटर यह कलेजा और कूवत नहीं दिखा सका।

हार्दिक ने 190 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की, लेकिन कम से कम 15 गेंद खेलने वाला कोई भी बल्लेबाज 130 के स्ट्राइक रेट से भी बैटिंग नहीं कर पाया। कप्तान रोहित शर्मा ने 96 तो विराट कोहली ने 125 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। सूर्या ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वे 10 गेंद खेलकर ही आउट हो गए। ऋषभ पंत भी 4 गेंद पर 6 रन ही बना सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *