भानुप्रतापपुर विधानसभा उप चुनाव में पार्टी उम्मीदवार तय करने के लिए सोमवार को प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में तीन नामों का पैनल हाईकमान को भेजा गया है। सीएम भूपेश ने बताया कि नाम पर आलाकमान की मुहर लगते ही एक दो दिन में प्रत्याशी का ऐलान कर दिया जाएगा। चुनाव समिति की पिछली बैठक में 14 दावेदारों के नाम सामने आए थे। वैसे स्वर्गीय विधायक मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी का टिकिट तय माना जा रहा है।
बस्तर के भानुप्रतापपुर में होने वाले उपचुनाव को लेकर हलचलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस से तय प्रत्याशी मानी जा रही सावित्री मंडावी ने सोमवार को नामांकन पत्र खरीद लिया। आज उनके पति और यहां के पूर्व विधायक स्वर्गीय मनोज मंडावी का जन्मदिन भी है। इस दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर मनोज मंडावी को याद किया और श्रद्धांजलि दी। इससे पहले रायपुर में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में सुबह 11.30 बजे शुरू हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला मौजूद रहे। चुनाव समिति भानुप्रतापपुर से पार्टी उम्मीदवारी के 14 दावेदारों में सावित्री मंडावी, राजेंद्र सलाम, जीवन राम ठाकुर, ठाकुर राम कश्यप, धनीराम धुर्वा, विजय ठाकुर, हेमंत कुमार ध्रुव, बीरेश ठाकुर, ललित नरेटी, सुनाराम तेता, राजेश पोटाई, तुषार ठाकुर और अनिता उइके हैं। योग्य नामों के लिए पार्टी ने आंतरिक सर्वे कराया था। बातचीत में यह बात सामने आई कि स्थानीय नेताओं को सावित्री मंडावी की दावेदारी पर सबसे बड़ी आपत्ति उनका संगठन से सीधे न जुड़ा होना था। स्थानीय नेताओं का कहना था कि जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र हैं।