छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज भिलाई के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान वो सबसे पहले सुपेला राधिका नगर के खाली मैदान पहुंचे। उन्होंने यहां बनने जा रहे कांग्रेस भवन (राजीव भवन) का भूमि पूजन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री खुर्सीपार स्टेडियम पहुंचे और यहां छत्तीसगढ़ ओलंपिक के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री सोमवार शाम 5 बजे मुख्यमंत्री निवास भिलाई तीन से भिलाई के लिए निकले। वो 5.30 बजे कार्यक्रम स्थल राधिका नगर पहुंचे। यहां कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर व अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वगत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा भाजपा कांग्रेस के तलवे चाटने वाले लोगों की पैरवी करती है। गांधी और नेहरू ने देश की आजादी के लिए जो योगदान दिया, जो त्याग किया इसको याद करने की जगह उनके बारे में गलत बयानबाजी कर रही है। आज के युवा को नेहरू के बारे में पढ़ना चाहिए। गांधी के बारे में पढ़ना चाहिए। उन्हें जानना चाहिए। आज 14 नंवबर को बाल दिवस के मौके पर चाचा नेहरू को पूरा देश याद करता है। नेहरू का भिलाई से सबसे गहरा नाता रहा। उन्हीं की पहल से भिलाई में भिलाई स्टील प्लांट की स्थापना की गई। भिलाई को मिनी इंडिया बनाने में उनका सबसे बड़ा सहयोग रहा है।