छग में तीन नए आईएएस:

छग में तीन नए आईएएस:

प्रदेश को तीन नए आईएएस अधिकारी मिल गए हैं। प्रदेश के चार आईएएस का चयन हुआ है। डीओपीटी ने 2021 बैच के अखिल भारतीय सेवा के अफसरों को बुधवार को कैडर आबंटित कर दिया। इसमें छत्तीसगढ़ के हिस्से में तीन अधिकारी आए हैं। इनमें प्रदेश के केवल प्रखर चंद्राकर ही है। बाकी झारखंड व राजस्थान के एक – एक अधिकारी हैं। प्रदेश की श्रद्धा शुक्ला को तेलंगाना, अक्षय पिल्ले को ओडिशा व पूजा साहू को उत्तरप्रदेश कैडर मिला है। इसके बाद भी अखिल भारतीय सेवाओं के 90 से ज्यादा पद अभी भी खाली हैं। बताया गया है कि राज्य सरकार का सेटअप के मुताबिक अफसरों के आवंटन का प्रस्ताव केन्द्र सरकार के पास लंबित है।

छत्तीसगढ़ आने वाले दो अफसरों में नम्रता चौबे झारखंड की हैं। युवराज मर्मट राजस्थान से हैं। ये अधिकारी अगले साल गरमी में मसूरी से प्रशिक्षण के बाद यहां ज्वाइनिंग दे सकते हैं। इन सबको मिलाकर यहां 175 आईएएस हो जाएंगे। हाल ही में प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी को केंद्र ने प्रतिनियुक्ति पर लिया है। उन्हें प्रसार भारती का सीईओ बनाया हैै। मिनिस्ट्री आफ पर्सनल,पीजी एंड पेंशन डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग की डायरेक्टर नीला मोहन द्वारा जारी सूची में 178 अफसरों के नाम हैं।इसी प्रकार आईएफएस अफसरों की बात करें तो नए सेटअप के अनुसार प्रदेश के वन विभाग ने केंद्र से चार पीसीसीएफ, 10 एपीसीसीएफ, 15 सीसीसएफ, 17 सीएफ और 48 डीसीएफ के लिए वन अफसरों की मांग की है। इसी तरह गृह विभाग ने भी आईपीएस अफसरों को लेकर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने राज्य की जरूरत के मद्देनजर आईपीएस अफसर देने का आग्रह किया है। जीएडी के अनुसार राज्य में आईएएस के 193 पद मंजूर हैं। इनमें से 171 पद भरे हैं। आईएफएस के 153 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 117 पद भरे हैं। जबकि आईपीएस के 142 पद मंजूर हैं। इनमें से 110 पर अफसर कायर्रत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *