देश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल दिल्ली AIIMS का सर्वर बुधवार सुबह 7 बजे से डाउन है। सर्वर में गड़बड़ी के चलते अस्पताल में मरीजों के रजिस्ट्रेशन और सैंपल लेने की प्रक्रिया ठप हो गई। एजेंसियों ने साइबर अटैक की आशंका भी जताई है। केंद्रीय साइबर एजेंसियां मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंच गई हैं। उधर, सर्वर डाउन का मामला गृह मंत्रालय तक पहुंच गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सिस्टम पूरी तरह से खत्म हो चुका है और एजेंसियां इसे फिर से शुरू करने की कोशिश कर रही हैं। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के मुताबिक यह रैंसमवेयर वायरस अटैक हो सकता है। इसकी वजह से हॉस्पिटल में इंटरनेट बंद है और सभी काम मैन्युअली किए जा रहे हैं।AIIMS के सर्वर पर बेहद संवेदनशील जानकारी रहती है। यहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मंत्रियों और अन्य प्रमुख व्यक्तियों का हेल्थ डेटा रहता है। मामले में साइबर क्राइम एजेंसियों को भी लगाया गया है।