छत्तीसगढ़ में इस साल ठंड नया रिकॉर्ड बना सकती है। इसके लक्षण नवम्बर बीतते-बीतते दिखने लगा है। राजधानी रायपुर में रविवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सयस तक कम है। मौसम विभाग के पिछले 10 साल के रिकॉर्ड में नवम्बर महीने में इतना कम तापमान कभी दर्ज नहीं हुआ है। बताया जा रहा है, दिसम्बर के पहले सप्ताह से रात अधिक सर्द हो जाएगी।
रायपुर में नवम्बर के महीने में औसतन 15-16 डिग्री सेल्सियस सामान्य न्यूनतम तापमान होता है। अब से 139 साल पहले यानी साल 1883 में 22 नवम्बर को रायपुर में 8.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था। यह इस शहर का सर्वकालिक रिकॉर्ड है। पिछले 10 साल में सबसे अधिक ठंढी रात का रिकॉर्ड 13.3 डिग्री सेल्सियस का है। यह 18 नवम्बर 2012 को दर्ज हुआ था।