PM नरेंद्र मोदी ने कहा है कि गुजरात की नई पीढ़ी ने अहमदाबाद और सूरत के सीरियल बम धमाके नहीं देखे हैं। मैं उन्हें उन लोगों से सावधान करना चाहता हूं जो आतंकवादियों के लिए अच्छा सोचते हैं। दिल्ली का बाटला हाउस एनकाउंटर आतंकी वारदात थी लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इस पर सवाल उठाया था। आतंकवाद का खेल खेलने वालों से गुजरात को बचाना है। कांग्रेस के लिए आतंकवाद भी वोट बैंक है।
मोदी सूरत में रविवार रात एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसके पहले मोदी ने पाटीदारों के गढ़ सूरत में एयरपोर्ट से अब्रामा ग्राउंड तक रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कई जगह कार से बाहर निकलकर लोगों का अभिवादन किया। पीएम के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ जमा थी। पीएम आज की रात सूरत में ही रुकेंगे।रविवार को गुजरात पहुंचे पीएम ने नेत्रंग और खेड़ा में दो रैलियां की। खेड़ा की चुनावी सभा में उन्होंने कहा कि गुजरात लंबे समय से आतंकवाद के निशाने पर रहा है। गुजरात के लोग सूरत और अहमदाबाद में विस्फोटों में मारे गए। तब कांग्रेस केंद्र में थी, हमने उनसे आतंकवाद को निशाना बनाने को कहा, लेकिन उन्होंने इसके बजाय मुझे निशाना बनाया। उनके शासन में देश में आतंकवाद चरम पर था।