छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में NTPC में मजदूरी भुगतान नहीं होने से नाराज मजदूरों ने जमकर हंगामा मचाया और रेलवे ट्रैक पर उतरकर मालगाड़ी रोक दी। इसके चलते कोरबा के कोयला खदान से मालगाड़ियां NTPC नहीं पहुंच पाई। मजदूरों ने नारेबाजी करते हुए पारिश्रमिक भुगतान के साथ ही बोनस और पीएफ के पैसे देने की मांग की। इस दौरान NTPC प्रबंधन ने ठेका कंपनी से पैसे दिलाने का भरोसा दिलाया और ठेका एजेंसी बदलने का भी आश्वासन दिया है।
NTPC सीपत में रेलवे ट्रैक यूनियन में 300 से अधिक मजदूर काम करते हैं। प्रबंधन ने मजदूरों से काम कराने का ठेका मेसर्स एसके यादव कंपनी को दिया है। कंपनी की ओर से पिछले कई महीनों से मजदूरों से काम कराया जा रहा है और उन्हें पारिश्रमिक राशि नहीं दी जा रही है। मजदूरों ने बताया कि उन्हें पिछले चार माह से मजदूरी भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने मजदूरी भुगतान के लिए ठेका कंपनी के साथ ही NTPC प्रबंधन से भी मांग की थी। कोई पहल नहीं होने पर उन्हें आंदोलन की राह पर जाना पड़ा है।