गुरु घासीदास जयंती के मौके पर SC-ST-OBC संघ ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सम्मानित किया है। समाज की ओर से यह सम्मान आरक्षण विधेयक में इन वर्गों का आरक्षण बढ़ाने को लेकर दिया गया है। इस समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अनुसूचित जाति-SC और अन्य पिछड़ा वर्गों-OBC के लिए नये प्रयास आवासीय विद्यालय शुरू करने की घोषणा की है।
रायपुर के पेंशनबाड़ा में आयोजित समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरक्षित वर्गों के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने सभी संभागीय मुख्यालयों में अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्रयास विद्यालय प्रारंभ करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने इन वर्गों के लिए अलग-अलग छात्रावास की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने पेंशनबाड़ा स्थित अनुसूचित जाति पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में 50 लाख रुपए की लागत से ई-लायब्रेरी शुरू कराने की घोषणा भी की। यह काम रायपुर नगर निगम की ओर से कराया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में कौन व्यक्ति, कहां, किस धर्म में, किस स्थान में जन्म लेगा, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हम अच्छी शिक्षा से व्यक्तित्व को निखार सकते हैं और जीवन में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण अच्छी शिक्षा देने के लिए प्रयास कर रही है। समारोह को नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया और संसदीय सचिव चंद्रदेव राय ने भी संबोधित किया। इस मौके पर महापौर एजाज ढेबर और नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे भी मौजूद रहे।