जम्मू-कश्मीर में शोपियां के मुंज मार्ग इलाके में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें लश्कर के तीन आतंकी मारे गए। इनके पास से एक AK 47 राइफल और 2 पिस्तौल बरामद हुईं। ADGP कश्मीर ने बताया कि मारे गए तीनों आतंकी स्थानीय थे। इनमें से दो की पहचान हुई है।आतंकी लतीफ लोन शोपियां का रहने वाला था, जो कश्मीरी पंडित पूरन कृष्ण भट्ट की हत्या में शामिल था और अनंतनाग का उमर नजीर नेपाल के तिल बहादुर थापा की हत्या में शामिल था। दिवंगत पूरन कृष्ण भट्ट की पत्नी ने कहा कि आज शोपियां में एक मुठभेड़ में उनके पति की हत्या में शामिल आतंकवादी को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। हमें न्याय मिला है। ऐसा होना ही था, क्योंकि उसने एक निर्दोष व्यक्ति को मार था। सुरक्षा बलों ने अच्छा काम किया।