अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा राष्ट्रपति रहते हुए चुकाए गए टैक्स की रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी गई है। रिपोर्ट में सामने आया कि जब ट्रम्प ने राष्ट्रपति पद संभाला था, तब वे भारी घाटे में थे, लेकिन 2018 में चीजें पलट गईं। 2018 में उन्होंने 24.4 मिलियन डॉलर (लगभग 200 करोड़ रुपए) की कमाई की और 1 मिलियन का टैक्स चुकाया। 2020 में पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही थी, इस दौरान ट्रम्प की कमाई पर फिर असर पड़ा। ट्रम्प को $4.8 मिलियन का नुकसान हुआ और टैक्स की सूचना शून्य है।डेमोक्रेटिक पार्टी के नेतृत्व वाली हाउस वेज एंड मीन्स कमेटी ने दस्तावेजों को प्रकाशित करने के लिए 24-16 वोट दिए, जिसमें सभी रिपब्लिकन ने फैसले का विरोध किया।रिपोर्ट में टैक्स रिटर्न के मूल आंकड़े नहीं हैं, इन्हें जल्द ही जारी किया जा सकता है। गौरतलब है 2016 में ट्रम्प ने ये कह दिया था कि वे टैक्स का ब्योरा जारी नहीं करेंगे, लेकिन अब उनकी टैक्स रिपोर्ट्स सार्वजनिक की जा रही हैं।