छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हाई प्रोफाइल रेप मामले के विरोध और बेटी को पाने के लिए कलेक्ट्रेट के सामने धरना दे रही महिला को एसडीएम ने वहां से हटा दिया है। महिला अब शहर के नेहरू चौक पर प्रदर्शन कर रही है। इधर कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने पुलिस और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) पर सवाल उठाए हैं। केस दर्ज होने के बाद से पीड़ित 9 साल की बच्ची CWC के पास कैद है। बेटी को पाने के लिए बेबस मां 48 घंटे से अधिक समय से धरने पर बैठी हैं।
प्रशासन ने मां को बच्ची दिलाने के लिए अब तक कोई पहल नहीं की है। इधर, मां के समर्थन में आगे आई AAP पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को CWC चेयरमैन के घर के सामने जमकर हंगामा मचाया था। फैक्ट्री मालिक पिता पर अपनी ही बच्ची के साथ रेप करने का आरोप है, जिस पर पुलिस ने FIR किया है। लेकिन, अब तक आरोपी पिता की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
सकरी क्षेत्र की रहने वाली महिला हाउस वाइफ हैं और उनका परिवार भी कारोबारी हैं। उनकी शादी साल 2008 में रायगढ़ में रहने वाले फैक्ट्री संचालक से हुई थी। शादी के बाद उनकी बेटी हुई लेकिन, पति-पत्नी के बीच संबंध ठीक नहीं थे। पत्नी का कहना है कि पति बिना बात के विवाद करता था। पति की आए दिन की प्रताड़ना से तंग आकर महिला अपनी 9 साल की बेटी को लेकर बिलासपुर में अपने मायके में आकर रहने लगी।