छत्तीसगढ़ में मतदाताओं की संख्या बढ़ी:पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में बढ़ गए 9 लाख वोटर

छत्तीसगढ़ में मतदाताओं की संख्या बढ़ी:पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में बढ़ गए 9 लाख वोटर

छत्तीसगढ़ में मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 94 लाख 54 हजार 009 हो गई है। विधानसभा चुनाव 2018 के लिए प्रकाशित अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 85 लाख 45 हजार 819 थी। इस बार विधानसभा चुनाव में वोटरों की संख्या पिछले चुनाव की तुलना में 9 लाख से अधिक बढ़ी है।

गुरुवार, 5 जनवरी को हर साल की तरह इस साल भी मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इस साल अंतिम प्रकाशन इसलिए खास है क्योंकि इसी सूची के आधार पर इस साल होने वाले विधानसभा तथा अगले साल होने वाले आम चुनाव में लोग वोट दे सकेंगे।

भास्कर ने सूची के विश्लेषण में पाया कि एक साल में प्रदेश में 3 लाख से ज्यादा युवा (18 साल पूरा करनेवाले) मतदाता सूची में जुड़े हैं और पहली बार वोट देंगे। सबसे खास बात यह है कि महिला वोटरों की संख्या पुरुषों से सिर्फ 1 हजार कम है।

प्रदेश में पुरुष वोटर 97 लाख 27 हजार से ज्यादा और महिला वोटर 97 लाख 26 हजार से ज्यादा हैं। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 14 लाख, 6 हजार 981 हो गई है। थर्ड जेंडर वोटर भी 811 हैं।

मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन में कुल आबादी की तुलना में वोट देने वालों का अनुपात 60.37 प्रतिशत था। यह 2023 के लिए तय की गई अनुमानित आबादी 3 करोड़ 18 हजार के आधार पर था। लेकिन अब माना जा रहा है कि अनुमानित आबादी 3 करोड़ के आसपास रहेगी। ऐसे में अभी मतदाताओं की जो संख्या आई है, उसके अनुसार आबादी के अनुपात में वोट देने वाले 64.46 प्रतिशत हो गए हैं।

मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन में 18-19 आयु वर्ग के यानी नए वोटर 94 हजार 453 थे। अंतिम प्रकाशन में इनकी संख्या 3 लाख 10 हजार के करीब है। लगभग 2 लाख वोटर तो सिर्फ दिसंबर महीने में जुड़े हैं। इसी तरह, 20 से 29 वर्ष की अनुमानित आबादी 48 लाख 31 हजार के विरूद्ध 42 लाख 86 हजार वोटर पंजीकृत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *