उत्तर भारत में ठंड का दौर जारी है। पंजाब से बिहार तक हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा फैला हुआ है। पिछले 24 घंटों में उत्तर पश्चिमी राजस्थान, जम्मू, बिहार और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रहा। भटिंडा और आगरा में जीरो विजिबिलिटी रही।मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में तापमान 25.1 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से ज्यादा है। हालांकि, रात का पारा अभी 7.2 डिग्री है। हालांकि, उत्तर भारत में पहुंचने वाले एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण ठंड दोबारा जोर पकड़ेगी।
UP में मंगलवार और बुधवार को घने कोहरे का अलर्ट है। आज लखनऊ, कानपुर सहित पूरे UP में घना कोहरा छाया है। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन बाद UP में ठंड से हल्की राहत मिलने के आसार हैं, लेकिन 15 और 16 जनवरी को पारा 1°C पहुंच सकता है।
शीतलहर की चपेट में चल रही राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को शीतलहर और कोहरे की मोटी परत देखी गई, सफदरजंग में सुबह करीब साढ़े पांच बजे न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 36 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।