कनाडा के मूल निवासियों के एक समूह को एक रडार सिस्टम के जरिए इमारत के नीचे 171 बच्चों की कब्र मिली है। कनाडा में मूल निवासी उन लोगों को कहा जाता है जो वहां अंग्रेजों के कब्जे के पहले से ही रह रहे थे। ओन्टारियो में जिस इमारत के नीचे कब्र मिली हैं वो कभी स्कूल हुआ करती थी। माना जा रहा है कि ये कब्र मूल निवासियों के ही बच्चों की हैं।
इन बच्चों को 19वीं सदी में जबरन पकड़ कर चर्च की ओर से चलाए जा रहे स्कूलों में डाला गया था। कब्र मिलने पर समूह के सदस्य चीफ क्रिस स्कीड ने कहा कि इन्हें देखकर हमें याद रखना चाहिए की हम जिंदा बच पाए हैं। हम यहीं हैं और हमारे पूर्वज भी यहां हैं। हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है जब कनाडा में मूल निवासियों के बच्चों की कब्र मिली हों।कनाडा में मई 2021 से मूल निवासियों के बच्चों की कब्र मिल रही हैं। इसको लेकर कनाडा के प्रधानमंत्री से लेकर वैटिकन सिटी के पोप फ्रांसिस तक माफी मांग चुके हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक 19वीं सदी में कनाडा की सरकारें और चर्च मूल निवासियों के बच्चों के लिए स्कूल चलाता था। इन स्कूलों को मेन मकसद मूल निवासियों के बच्चों को अपने कल्चर और रहन-सहन के तरीके से अलग करना था, जिसे कनाडा की सत्ता में बैठे लोग पिछड़ा और बेकार समझते थे।