राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में शनिवार को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आगाज हो गया। इस तीन दिनी आयोजन में लोक कला, साहित्य और ग्रामीण खेलों की प्रतिस्पर्धा होनी है। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के साथ 10 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार के साथ 7500 और तृतीय पुरस्कार के साथ पांच हजार रुपया नगद मिलने वाला है।
युवा महोत्सव का उद्घाटन करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि इस महोत्सव से युवाओं को अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने के लिए बेहतर मंच मिल रहा हैं। वहीं राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक, लोक खेल, परम्पराओं आदि को जानने और समझने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, हमारा यह प्रयास रहा है कि युवाओं की ऊर्जा और उत्साह केवल आयोजनों तक सीमित न रहे, बल्कि उनका रचनात्मक कार्यो में भी इस्तेमाल होता रहे। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने बताया, इस युवा महोत्सव में कुल 38 विधाओं में प्रतिस्पर्धा होनी है। उनमें से 24 सांस्कृतिक विधाएं, छह खेल विधाएं तथा सात अन्य विधाएं शामिल हैं।