मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को नवा रायपुर में प्रस्तावित कांग्रेस महाधिवेशन स्थल पर टेंट सिटी निर्माण का भूमिपूजन किया। मेला ग्राउंड पर महाधिवेशन के लिए 13-14 हजार लोगों की बैठक क्षमता वाला भव्य डोम बनेगा। वहीं पर किचन की भी व्यवस्था होगी। महाधिवेशन स्थल पर ही कांग्रेस के इतिहास पर केंद्रित एक प्रदर्शनी, राज्य सरकार की उपलब्धियों बताने वाले स्टाल और स्थानीय उत्पादों के बिक्री के लिए स्टाल भी लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को मंत्रियों और कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ नवा रायपुर पहुंचे। वहां उन्होंने टेंट लगाने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों से बात कर पूरी योजना समझी। बाद में वहां नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की। इसके साथ मिठाईयां बांटी गईं। मुख्यमंत्री ने कहा, विचार, रणनीति और देश की दिशा निर्धारित करने के लिए आयोजित इस “मंथन महायज्ञ’ से जनकल्याण और भारत जोड़ने का संकल्प और अधिक मजबूत होगा। इस औपचारिक पूजा के साथ वहां टेंट आदि निर्माण का काम शुरू हो गया है। वन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे। बताया जा रहा है, महाधिवेशन के आखिरी दिन एक आम सभा होगी। यह सभा पुरखौती मुक्तांगन से लगे खाली मैदान पर होना है।
बाद में मुख्यमंत्री ने बताया, 24, 25, 26 फरवरी को रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय महाधिवेशन प्रस्तावित है। उसकी तैयारी के लिए पिछले दिनों वेणुगोपाल जी, बंसल जी, तारिक अनवर जी आये थे। उन्होंने जो मार्गदर्शन दिया था, उसके आधार पर हम लोग काम आगे बढ़ा रहे हैं। आज जो टेंट लगाना है उसका भूमिपूजन भी किया। नारीयल फोड़कर, मिठाई बांटकर इसकी शुरुआत हुई है। यहां एक भव्य पांडाल लगेगा। उसमें 13-14 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। दोनों साइड में किचन भी होगा। पत्रकारों के लिए अलग से पांडाल बन रहा है जहां सारी सुविधाएं हाेंगी। सामने एक प्रदर्शनी भी लगेगी जिसमें कांग्रेस का इतिहास प्रदर्शित किया जाएगा। उसके साथ छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों संबंधी स्टाल भी लगेंगे। छत्तीसगढ के सी-मार्ट में जो वस्तुएं हमारे आदिवासी भाई-बहन और स्व-सहायता समूह बना रहे हैं उनको भी विक्रय के लिए रखेंगे।