इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें सीजन का शेड्यूल शुक्रवार को जारी हो गया। डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच 31 मार्च को टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ये मैच होगा।59 दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट में 10 टीमों के बीच कुल 74 मुकाबले खेले जाएंगे। हर एक टीम 14 मैच खेलेगी, 7 अपने घर में और 7 विपक्षी टीम के घर में। 10 टीमों के बीच लीग स्टेज के 70 मुकाबले होंगे। लीग स्टेज के बाद पॉइंट्स टेबल की टॉप-4 टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करेंगी।
टूर्नामेंट में 18 डबल हेडर होंगे, यानी 18 बार एक दिन में 2 मैच होंगे। इस दौरान पहला मैच दोपहर 3:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। 31 मार्च को गुजरात और चेन्नई के बीच पहले मुकाबले के बाद 1 और 2 अप्रैल को दो डबल हेडर होंगे।
एक अप्रैल को पंजाब-कोलकाता के बीच पहला और लखनऊ-दिल्ली के बीच दूसरा मुकाबला होगा। वहीं, 2 अप्रैल को सनराइजर्स-राजस्थान के बीच पहला और बेंगलुरु-मुंबई के बीच दूसरा मुकाबला होगा। 8 अप्रैल और 6 मई को टूर्नामेंट की 2 सबसे सफल टीमें मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच मुकाबले होंगे।
IPL में 10 टीमें होने के चलते 5-5 टीमों को 2 अलग ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप-ए में मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स हैं। वहीं, ग्रुप-बी में चेन्नई सुपरकिंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद हैं।
ग्रुप-ए की पांचों टीमें एक-दूसरे से 2-2 मैच खेलेंगी। वहीं, ग्रुप-बी की किसी एक टीम से 2 और बाकी 4 टीमों से एक-एक मैच खेलेगी। ग्रुप-बी की टीमें भी इसी तरह लीग स्टेज में अपने 14 मैच पूरे करेंगी।