700 करोड़ से CG के 3 स्टेशनों की कायापलट:रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर

700 करोड़ से CG के 3 स्टेशनों की कायापलट:रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग स्टेशन की तस्वीर अब जल्द ही बदलने वाली है। रेल मंत्रालय ने भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की तरह इन तीनों स्टेशनों का कायाकल्प करने का फैसला लिया है। आने वाले समय में इन स्टेशनों में एयरपोर्ट की तरह सुविधाएं मिलेंगी। तीन मंजिला नई बिल्डिंग बनाई जाएगी, जिसमें एसी वेटिंग हॉल, रूम, एस्केलेटर सहित अन्य आकर्षक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 100 साल से भी अधिक पुराने बिलासपुर रेलवे का नजारा भी कुछ अलग देखने को मिलेगा ।

बिलासपुर के साथ रायपुर और दुर्ग रेलवे स्टेशन में आने वाले दिनों में यात्रियों को काफी बदलाव देखने को मिलेगा। ट्रेन से उतरकर यात्री चाहे तो खाने के साथ ही हरी सब्जियां और बच्चों के लिए बहुत कुछ स्टेशन से ही खरीद कर घर जा सकेंगे। इन तीनों स्टेशनों को रेल मंत्रालय अत्याधुनिक सुविधा से लैस करने जा रहा है। बजट में घोषणा होने एवं रेलवे मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। तीनों ही स्टेशन का सर्वे कर ड्राइंग तैयार की गई है। स्टेशन के विकास में बाधा बनने वाले इंफ्रास्टक्चर को भी गिरा कर नई बिल्डिंग बनाई जाएगी। बजट में मिले रुपए से जल्द ही तीनों स्टेशन में क्या क्या बदलाव होगा, इसको लेकर प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजने की बात कही जा रही है।रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि भोपाल का रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला इंटरनेशनल स्तर का रेलवे स्टेशन बन गया है। इसी तरह कई खूबियों और कई अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वर्ल्ड क्लास स्टेशन के रूप में बिलासपुर सहित रायपुर और दुर्ग के स्टेशन को तैयार किया जाएगा। रेलवे ने बजट में स्वीकृति मिलने के बाद तीनों स्टेशनों के रिडेवेलपमेंट का प्लान तैयार किया है। इसके तहत करीब 700 करोड़ से अधिक खर्च करके रेनोवेट किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *